पुलिस पदाधिकारी को दी गई नए कानून की जानकारी

आगामी 1 जुलाई से लागू हो रहे तीन नए अपराधी कानूनों की जानकारी देने को लेकर नगर भवन में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम- 2023 को 1 जुलाई से लागू किया जाना है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी अनुसंधानकर्ताओं को नए कानून के संबंध में प्रशिक्षित करने के लिए तीन सत्रों में इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। 10 जून से 12 जून तक प्रथम सत्र की कार्यशाला होगी वहीं दूसरे सत्र की शुरुआत 13 जून से होगी। दूसरा सत्र 15 जून तक चलेगा। तीसरा 18 जून से 20 जून तक चलेगा। सोमवार को नगर भवन में प्रथम सत्र के दौरान लगभग तीन सौ अनुसंधान कर्ताओं को नए कानून के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। पुलिस महानिदेशक, बिहार के वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधन के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। औरंगाबाद की एसपी स्वप्ना गौतम मेश्राम, एसडीपीओ सहित पदाधिकारी उपस्थित रहे। एसपी ने बताया कि 1 जुलाई से नया कानून लागू हो रहा है और उसमें सभी धाराएं बदल जाएंगी। इसकी जानकारी अनुसंधानकर्ता को होनी चाहिए ताकि प्राथमिकी में कोई चूक नहीं हो। प्राथमिकी के साथ ही अनुसंधान में भी किसी तरह की कोई त्रुटि नहीं हो, इसके लिए यह गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

2024-06-10T15:42:49Z dg43tfdfdgfd